निकाय चुनाव में जनता कांग्रेस में जताएं विश्वास, विकास का वादा पूरा होगा : भगोरा
पूर्व सांसद ने नगर परिषद डूंगरपुर और सागवाड़ा-कुशलगढ़ पालिका में कांग्रेस का बोर्ड बनाने किया आह्वान
भाजपा में टिकट वितरण में धांधली पर बोले : बोर्ड बनाने के दावे करने वाली भाजपा में टिकटों का खेल सार्वजनिक हुआ
प्रदेश में कांग्रेस की सरकार, डूंगरपुर के विकास को मिलेगी गति
डूंगरपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा है कि निकाय चुनाव शहरी क्षेत्रों की तस्वीर और तकदीर बदलने वाले होंगे। बीते पांच साल में डूंगरपुर शहर ने ऐतिहासिक विकास का सफर तय किया है लेकिन अब शहरी विकास की तस्वीर को आबाद रखने शहरीजन कांग्रेस पर भरोसा जताएं। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है और यदि कांग्रेस का बोर्ड बनता है तो निश्चित ही विकास की रफ्तार तेज होगी। उन्होंने नगर परिषद डूंगरपुर तथा नगर पालिका सागवाड़ा तथा कुशलगढ़ में कांग्रेस का बोर्ड बनाने का आह्वान किया है।
भगोरा ने कहा है कि नगर परिषद डूंगरपुर में भाजपा बीते 30 सालों से काबिज है, लेकिन विकास केवल बीते पांच साल में हुआ जिसमे भी भाजपा के लोग ही भाजपा बोर्ड पर कई गम्भीर आरोप लगा रहे है। शहर की जनता बूनियादी सुविधाओं के साथ शहरी विकास का संरक्षण चाहती है, ऐसे में नगरीय क्षेत्र के लोग कांग्रेस को अवसर दें और निर्णायक भूमिका निभाएं। भगोरा ने कहा कि प्रदेश की अशोक गहलोत सरकार शहरी क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित है,। प्रदेश में कांग्रेस का तीन साल का कार्यकाल शेष है, ऐसे में यदि कांग्रेस का बोर्ड बनता है तो डूंगरपुर विकास की पटरी पर निरंतर चलता रहेगा। कांग्रेस सरकार में डूंगरपुर के विकास और जनराहत के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
सागवाड़ा पालिका में विफल रहा भाजपा बोर्ड
भगोरा ने कहा कि गत पांच साल सागवाड़ा पालिका में भाजपा का कार्यकाल रहा, लेकिन नगर की जनता त्रस्त हो गई। विकास के नाम भाजपा बोर्ड कोई खास उपलब्धि अर्जित नहीं कर सकी। भारी भ्रष्टाचार हुआ और विकास के वादे बेमानी साबित हुए। उन्होंने कहा कि सागवाड़ा नगर की जनता भाजपा को कोस रही है और उम्मीदें अब कांग्रेस से है, ऐसे में जनता कांग्रेस का भरपुर साथ और समर्थन दें और बोर्ड में काबिज करें, ताकि नगर का विकास मूर्त रूप ले सकें।
टिकट को लेकर भाजपा में बिखराव
भगोरा ने शुक्रवार को निकाय चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन भाजपा में टिकट वितरण को लेकर कहा कि भाजपा अबकी बार टिकट वितरण में संतुलन नहीं बैठा पाई, ऐसे में विवाद हुआ। भाजपा कार्यकर्ताओं में टिकट वितरण को लेकर असंतोष पैदा हुआ और पार्टी के भीतर गुटबाजी एक बार फिर सार्वजनिक हो गई। कुछ वार्डो में तो भाजपा नेताओं ने ही टिकट पर कब्जा जमा लिया, ऐसे में आम भाजपा कार्यकर्ता हताश हुआ है। उन्होंने कहा कि पार्षद का चुनाव लडऩे आपस में लडऩे वाली भाजपा शहर के विकास को कैसे नई दिशा देगी, यह सवाल अब खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल कुर्सी की भूखी है, यदि कांग्रेस नगर परिषद में काबिज होगी तो देश-दुनिया में डूंगरपुर का नाम गूंजता रहेगा।