शहर के पेराफेरी क्षेत्र में बदलाव को लेकर सरकार को भेजा जाएगा प्रस्ताव
- नगर पालिका की साधारण सभा की बैठक में 65 करोड़ 11 लाख का बजट पारित
सागवाड़़ा। नगर पालिका सागवाड़़ा की साधारण सभा की बैठक पालिकाध्यक्ष नरेंद्र खोडनिया की अध्यक्षता में हुई। बैठक में नगर पालिका ds वित्त वर्ष 2022-23 के बजट 65 करोड़ 11 लाख का अनुमोदन किया गया। शहरी क्षेत्र के आसपास के ग्रामीणों की शिकायतों को देखते हुए पेराफेरी क्षेत्र में बदलाव का प्रस्ताव पारित कर सरकार को भेजने का निर्णय लिया। पालिकाध्यक्ष नरेन्द्र खोडनिया ने बताया कि शहरी क्षेत्र के आसपास के गांवों के लोगों को आबादी विस्तार और निर्माण स्वीकृति में समस्या आ रही थी। इसे देखते हुए पेराफेरी क्षेत्र में बदलाव का प्रस्ताव सरकार को भेजने का निर्णय लिया है। वही नेता प्रतिपक्ष हरीश सोमपुरा, पार्षद मनोज कंसारा, संजय जैन ने वार्डो में होने वाले विकास कार्यो की गुणवत्ता के लिए निगरानी रखने की बात रखी। पार्षद अनिल सुथार ने शहर में जिम लगवाने और खेल मैदान का विकास करने की बात कही जिस पर पालिकाध्यक्ष ने कहा कि कई विकास कार्यो के कार्यादेश दे दिए है और कुछ कार्य प्रस्तावित है।
बैठक में पालिका उपाध्यक्ष राजुमामा, ईओ मुकेश कुमार मोहिल, जेईएन लोकेश पाटीदार, नेता प्रतिपक्ष हरिश्चंद्र सोमपुरा सहित पार्षद और कर्मचारी मौजूद थे।
तालाबों के सौंदर्यीकरण को मिली मंजूरी
पालिकाध्यक्ष नरेंद्र खोडनिया ने बताया कि आरयूआईडीपी के तहत जल्द ही शहर के तालाबों का सौंदर्यीकरण होगा। इसके तहत शहर में 110 करोड़ रुपये खर्च होंगे। ऐशियन डवलपमेंट बैंक के अधिकारियों के साथ गत दिनों ही बैठक हुई थी। शहर के गमलेश्वर, लोहारिया और मसाणिया तालाबों के सुदृढ़ीकरण को लेकर अधिकारियों ने रुचि दिखाई है।
50 लाख में नाली निर्माण होगा
पार्षदों की मांग के अनुरूप सभी वार्डों में करीब 50 लाख रुपये का नाली निर्माण किया जाएगा। जहां जहां नाली का क्रोसिंग है उन्हें भी सुधारा जाएगा। वार्डों में नाली निर्माण का कार्य भी पार्षदों की अनुशंसा पर किया जाएगा।
- शिशु अंतिम संस्कार के लिए भूमि आवंटित- पालिका अध्यक्ष खोडनिया ने बताया कि शहर में मृत शिशुओ के अंतिम संस्कार के लिए 4 बीघा भूमि का आवंटन किया गया
- जनसहभागिता योजना के तहत शहर में 3 करोड़ रुपये के काम होंगे जिसमें शहर के सभी मोक्षधाम का विकास होगा
- प्राईवेट बस स्टैंड के पीछे भूखंडों की निलामी की योजना है जिससे पालिका को करीब 10 करोड़ रुपये की आय होगी।
न्यायालय के आदेश पर कर्मचारी रोशन व्यास और जिनेन्द्र जैन के स्थाईकरण को लेकर प्रस्ताव पारित किया |
विकास कार्यों का अनुमोदन
नगर पालिका की बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2022-2023 के लिए 65.11करोड़ रुपये की प्रस्तावित आय का मूल बजट प्रस्तुत किया गया। जिसको सर्वसम्मति से पास किया गया। वित्तीय वर्ष 2022-2023 में विभिन्न स्रोतों से प्रस्तावित आय 35.72 करोड़ रुपये में पिछले बजट से अवशेष राशि को जोड़ 65.11 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। वही वर्ष 2021-22 में कराये विकास कार्यो की अनुमोदना की गई ।
निर्माण कार्य की पार्षद रखे निगरानी
पालिकाध्यक्ष नरेंद्र खोडनिया ने पार्षदों से कहा कि शहर में हो रहे विकास कार्यों पर पार्षद निगरानी रखे। शहर में करोड़ों रुपये के काम चल रहे है। कार्य के गुणवत्ता की जिम्मेदारी पालिका के अधिकारीयों के साथ पार्षदों की भी है। अगर कही काम गलत हो रहा हो तो अधिकारियों को इसकी सुचना दे |