सागवाड़़ा शहर में किये गए नवाचारों को सीएम ने सराहा
- नपा अध्यक्ष खोडनिया ने पार्षदों की मौजूदगी में सीएम को एक साल में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी
सागवाड़़ा। राजस्थान बजट - 2022 में सागवाड़ा शहर के विकास को लेकर की गई घोषणाओं को लेकर नगर पालिका सागवाड़़ा के अध्यक्ष नरेन्द्र खोडनिया और उपाध्यक्ष राजुमामा की मौजूदगी में पार्षदों ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात की। पूर्व राज्य मंत्री और कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिनेश खोडनिया ने मुख्यमंत्री से सभी की मुलाकात कराई। इस दौरान नगर पालिका सागवाड़़ा के अध्यक्ष नरेन्द्र खोडनिया ने मुख्यमंत्री को सागवाड़़ा में पिछले एक साल में शहर में किये गए नवाचार और विकास कार्यों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने "सागवाड़ा में विकास का एक साल बेमिसाल" पुस्तक का विमोचन किया।
पालिकाध्यक्ष खोड़निया ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सागवाड़ा के विकास कार्यों में कहीं कोई कमी नहीं आएगी। आने वाले समय में सागवाड़ा के विकास कार्यों में और तेजी लाएंगे। मुख्यमंत्री द्वारा कड़ाणा कि 76 बीघा जमीन नगर पालिका को देकर ऐतिहासिक फैसला लिया हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष में राम पार्क में 4 करोड़ की लागत से सांस्कृतिक केंद्र बन कर तैयार हो जाएगा।
साथ ही मुख्यमंत्री ने स्व. भीखा भाई भील के नाम से 20 करोड़ के अत्याधुनिक टाउनहाल की घोषणा की है। खोडनिया ने बताया कि शहर में 4 करोड़ से 13 किमी. सड़कों के सुदृढ़ीकरण का काम शुरु हो गया है और आने वाले समय में बजट घोषणा के अनुरूप 15 किमी. सड़कों का काम होगा। इसी वर्ष से शहर में ड्रेनेज सिस्टम और तालाबों के सौंदर्यीकरण का काम कर दिया जाएगा। सभी तालाबों के ओवरफ्लो, पानी के नालो, शहर से गुजरने वाले बड़े नालो और कालोनी के नालों के सुदृढ़ीकरण पर करीब 50 करोड़ रुपये खर्च होंगे।