दो बेटों का मर्डर कर पिता ने किया सुसाइड : मर्डर से पहले छोटे बेटे को ननिहाल से लाया, गला दबाकर मारा
जोधपुर। पिता ने पहले अपने 2 बेटों की हत्या की, फिर खुद आत्महत्या कर ली। बुधवार शाम को पत्नी खेत से लौटी तो दोनों बेटों की लाश आंगन में पड़ी थी। बदहवास पत्नी दूसरे कमरे में गई तो पति की लाश फंदे से झूल रही थी। उसके मुंह से चीख निकली और वह वहीं बेसुध होकर गिर पड़ी। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मामला जोधपुर के झंवर इलाके का है।
40 साल का रूपाराम पटेल परिहारों की ढाणी में ही किसानी करता था। पत्नी सीता (38) खेती में हाथ बंटाती थी। बुधवार दोपहर 12.30 बजे खेत में काम कर रहे रूपाराम ने पत्नी सीता से कहा कि वह थक गया है। घर जाकर थोड़ी देर आराम करेगा। रूपाराम घर आ गया। सीता खेत पर काम करती रही। घर जाने के बजाय रूपा राम अपने ससुराल नजदीकी सर गांव चला गया। सर गांव सीता का पीहर है, जहां रहकर उसके दोनों बेटे पढ़ाई कर रहे थे। दोनों बच्चे मामा ओमप्रकाश के बच्चों के साथ ही मॉर्डन स्कूल जाते थे। रूपाराम पर कोई कर्ज भी नहीं था। उसने 10 लाख का लोन लिया था, जो पूरा हो चुका था। परिवार में भी कोई कलह नहीं थी।
थाना अधिकारी मनोज कुमार परिहार ने बताया कि पुलिस बुधवार रात परिहारों की ढाणी निवासी रूपाराम के घर पहुंची तो रामा और कृष्ण के शव एक कमरे में मिला। दूसरे कमरे में रूपाराम पटेल का शव फंदे से लटका मिला। तीनों के शव जोधपुर एम्स में रखवाए थे। बुधवार को पोस्टमॉर्टम करवाया गया ।
रूपाराम के दोनों बेटों के शव पास-पास पड़े थे। कुछ सवाल पुलिस को भी हैरान कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों बच्चों को एक साथ नहीं मारा जा सकता। एक को मारने के प्रयास में दूसरा बच्चा कोई प्रतिक्रिया दे सकता था या भाग सकता था। परिहारों की ढाणी से सर गांव की दूरी करीब 1 घंटे की है। इस दौरान रूपाराम के विचारों में बदलाव आ सकता था। मिलनसार, सरल और खुशमिजाज रूपाराम के जीवन में कोई ऐसी बड़ी वजह नहीं थी कि वह बेटों को मारकर आत्महत्या कर बैठे। गांव वालों का कहना है कि रूपाराम अपने दोनों बच्चों से बहुत प्यार करता था। इसलिए उनके मारने की बात पर विश्वास नहीं हो रहा।
झंवर थाना अधिकारी मनोज कुमार परिहार ने कहा कि पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की जांच की दिशा तय होगी। सीता का कहना था कि दोनों बच्चों के शव आंगन में नीचे पड़े मिले, जबकि पुलिस कह रही है कि बच्चों के शव कमरे में मिले। पुलिस जांच के बाद ही हकीकत सामने आएगी।