SEARCH

    Select News Languages

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    vagadlive
    vagadlive

    वर्ल्ड अपडेट्स:अमेरिकी उत्तरी कैरोलिना में एक पार्टी के दौरान गोलीबारी, 2 की मौत, 13 घायल

    1 day ago

    अमेरिका में उत्तरी कैरोलिना के दक्षिण-पूर्व हिस्से में शनिवार को वीकेंड पार्टी के दौरान गोलीबारी की गई। इसमें 2 लोगों की मौत हो गई और कई बुरी तरह घायल हो गए। लोकल अधिकारियों ने यह जानकारी मीडिया को दी। रोबेसन काउंटी के शेरिफ बर्निस विल्किन्स ने बताया कि मैक्सटन के पास एक गांव में हुई इस घटना में 13 लोग गोली लगने से जख्मी हुए। यह जगह राले से करीब 150 किलोमीटर दूर है और दक्षिण कैरोलिना सीमा के पास है। शेरिफ कार्यालय ने कहा- यह सिर्फ एक छोटी घटना थी, अब आसपास कोई खतरा नहीं है। पुलिस आने से पहले 150 से ज्यादा लोग वहां से भाग गए। शेरिफ ने लोगों से अपील की कि अगर किसी ने कुछ देखा हो तो पुलिस को बताएं। अभी तक किसी को पकड़ा नहीं गया है। मरने वालों और घायलों के नाम अभी नहीं बताए गए हैं। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें... वामपंथी नेता कैथरीन कॉनॉली आयरलैंड में राष्ट्रपति बनीं; गाजा में इजराइली कार्रवाई को नरसंहार बता चुकी हैं आयरलैंड में राष्ट्रपति चुनाव में वामपंथी उम्मीदवार कैथरीन कॉनॉली ने भारी बहुमत से जीत हासिल कर ली है। वह आयरलैंड की 10वीं राष्ट्रपति बनेंगी। दो-तिहाई वोटों की गिनती के बाद कॉनॉली को 64% वोट मिले, जबकि उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी फाइन गेल पार्टी की हीदर हम्फ्रीज को सिर्फ 30% के आसपास समर्थन मिला। तीसरे उम्मीदवार जिम गेविन ने चुनाव से पहले ही नाम वापस ले लिया था, लेकिन उनका नाम बैलट पेपर पर बना रहा। कैथरीन कॉनॉली का जन्म 12 जुलाई 1957 को हुआ था। वह 68 साल की हैं और पेश से वकील हैं। वे 2016 से गैलवे वेस्ट क्षेत्र से सांसद हैं। पहले वह लेबर पार्टी में थीं, लेकिन 2007 में पार्टी से अलग हो गईं। वह आयरलैंड की न्यूट्रल पॉलिसी की मजबूत समर्थक हैं और नाटो, यूरोपीय संघ की 'मिलिट्रीकरण' नीति की आलोचना करती हैं। कॉनॉली गाजा में इजराइल की कार्रवाई को 'नरसंहार' बता चुकी हैं। कॉनॉली ने जुलाई 2025 में नामांकन दाखिल किया था। शुरुआत में सिर्फ छोटी पार्टियां जैसे सोशल डेमोक्रेट्स और पीपल बिफोर प्रॉफिट ने समर्थन दिया। लेकिन बाद में लेबर पार्टी और सिन फेन उनके सपोर्ट में आ गई, जिससे उनका इलकेशन कैंपेन मजबूत हो गया। हीदर हम्फ्रीज ने हार मान ली और कॉनॉली को बधाई दी। उन्होंने कहा- आप आयरलैंड की अगली राष्ट्रपति बनेंगी। अमेरिका में एंट्री-एग्जिट के समय हर बार विदेशियों की तस्वीर ली जाएगी, ट्रम्प सरकार का नया नियम राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की सख्त इमिग्रेशन पॉलिसी के तहत अमेरिका में अब हर विदेशी की एंट्री और एग्जिट के समय तस्वीर ली जाएगी। यह काम नई फेस रिकग्निशन तकनीक से होगा। इसका मकसद नकली दस्तावेजों को रोकना और देश को सुरक्षित रखना है। अमेरिकी बॉर्डर सिक्योरिटी डिपार्टमेंट (CBP) ने शुक्रवार को बताया कि हवाई अड्डों, समुद्री बंदरगाहों और जमीन सीमाओं पर तस्वीरें और जानकारी इकट्ठा की जाएगी। CBP का कहना है कि यह नया सिस्टम आतंकवाद, फर्जी दस्तावेज, वीजा से ज्यादा समय रुकने और गलत जानकारी जैसे खतरों से निपटेगा। यह नियम सभी गैर-नागरिकों पर लागू होगा, चाहे वे अवैध आप्रवासी हों या ग्रीन कार्ड होल्डर्स। यह नियम 2021 में पहली बार सुझाया गया था, लेकिन अब यह ट्रम्प सरकार की सीमा सुरक्षा को मजबूत करने की बड़ी योजना का हिस्सा है। कुछ एक्सपर्ट्स ने चिंता जताई है कि होम लैंड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट सोशल सिक्योरिटी और टैक्स डिपॉर्टमेंट से ज्यादा जानकारी लेने की कोशिश कर रहा है। ये नियम 26 दिसंबर 2025 से शुरू होंगे। इसके तहत बॉर्डर पर गैर-नागरिकों के देश छोड़ने पर उनकी तस्वीरें ली जाएंगी और दूसरी जानकारी भी इकट्ठा होगी। पहले 79 साल से ज्यादा उम्र के लोग और 14 साल से कम उम्र के बच्चे इस नियम से बाहर थे, लेकिन अब उनकी भी तस्वीरें ली जाएंगी। ट्रम्प सरकार का कहना है कि यह सिस्टम उन लोगों को पकड़ेगा जो आप्रवासन नियम तोड़ते हैं या वीजा से ज्यादा समय रुकते हैं। सिंगापुर में भारतीय नर्स ने पुरुष विजिटर से छेड़छाड़ की; जेल और कोड़े मारने की सजा मिली सिंगापुर के एक प्रीमियम अस्पताल में काम कर रहे एक भारतीय नर्स को पुरुष विजिटर से छेड़छाड़ करने के आरोप में एक साल दो महीने की जेल और दो कोड़ों की सजा सुनाई गई है। 34 वर्षीय एलीपे सिवा नागु नामक नर्स ने जून महीने में रैफल्स अस्पताल में एक पुरुष विजिटर के साथ यह हरकत की थी। अदालत में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पीड़ित व्यक्ति 18 जून को नॉर्थ ब्रिज रोड स्थित अस्पताल में अपने दादा से मिलने गया था। शाम करीब 7:30 बजे जब वह मरीजों के लिए बने टॉयलेट में गया, तो नर्स एलीपे वहां झांकने लगा। उसने पीड़ित से कहा कि वह उसे डिसइंफेक्ट (साफ-सफाई) करना चाहता है और इसी बहाने उसने साबुन अपने हाथ पर लगाकर उसके साथ छेड़छाड़ की। पीड़ित उस समय सदमे में था और डर के कारण कुछ बोल नहीं पाया। बाद में वह अपने दादा के पास लौट गया। मामला 21 जून को दर्ज कराया गया और आरोपी को दो दिन बाद गरफ्तार कर लिया गया। अदालत ने शुक्रवार को सुनवाई के बाद एलीपे को एक साल दो महीने की जेल और दो कोड़ों की सजा सुनाई। अस्पताल प्रबंधन ने घटना के बाद उसे नौकरी से निलंबित कर दिया था। अमेरिका और चीन के अधिकारी मलेशिया में मिले; ट्रेड वॉर रोकने पर बात की अमेरिका और चीन के सीनियर अधिकारियों शनिवार को मलेशिया के कुआलालंपुर में मुलाकात की। यहां दोनों देशों के बीच टैरिफ वॉर को रोकने पर बात हुई। बातचीत का मकसद अगले हफ्ते अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच बैठक को फाइनल करना था। यह बैठक आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान होगी। हाल ही में अमेरिका ने 1 नवंबर से चीन पर 100% एक्सट्रा टैरिफ लागू करने की बात कही थी। अमेरिका ने यह ऐलान चीन के दुर्लभ खनिजों के निर्यात को कम करने के फैसले के बाद किया। ट्रम्प ने टैरिफ से बचने के लिए चीन को 1 नवंबर से पहले समझौता करने की डेडलाइन दी है। भारत ने UNSC में पाकिस्तान से कहा- POK में मानवाधिकारों का उल्लंघन बंद करे संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि परवथनेनी हरीश ने पाकिस्तान से कहा कि अवैध कब्जे वाले कश्मीर (POK) में मानवाधिकारों का उल्लंघन बंद करे। हरीश ने शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में 80वें संयुक्त राष्ट्र दिवस के मौके पर हुई बहस में कहा, हम पाकिस्तान से कहना चाहते हैं कि वह अपने अवैध कब्जे वाले क्षेत्रों में जारी मानवाधिकार उल्लंघनों को तुरंत रोके, जहां लोग उसकी सैन्य कब्जे, दमन, अत्याचार और संसाधनों के दोहन के खिलाफ खुलकर विरोध कर रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है। हरीश ने कहा "जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश था है और हमेशा भारत का हिस्सा रहेगा। यहां के लोग भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक ढांचे के अनुसार अपने मौलिक अधिकारों का उपयोग करते हैं। पाकिस्तान के लिए ऐसे सिद्धांत बिल्कुल अजनबी हैं।" हरीश ने संयुक्त राष्ट्र के योगदानों का जिक्र करते हुए कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यह संगठन शांति और सुरक्षा की उम्मीद के प्रतीक के रूप में उभरा। गौरतलब है कि 24 अक्टूबर 1945 को संयुक्त राष्ट्र चार्टर लागू हुआ था, जिसके साथ ही संयुक्त राष्ट्र (UN) की आधिकारिक स्थापना हुई थी। थाईलैंड की राजमाता सिरिकिट का निधन, 93 साल की उम्र में ली अंतिम सांस थाईलैंड की राजमाता सिरिकिट का शुक्रवार को निधन हो गया। वे 93 वर्ष की थीं। रॉयल हाउसहोल्ड ब्यूरो के मुताबिक सिरिकिट ने बैंकॉक के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। 17 अक्टूबर से उन्हें ब्लड इंफेक्शन की समस्या थी और इलाज के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। पिछले कुछ सालों से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी और वे सार्वजनिक जीवन से दूर थीं। उनके पति राजा भूमिबोल अदुल्यादेज का निधन अक्टूबर 2016 में हुआ था। उन्होंने ग्रामीण गरीबों की मदद, पारंपरिक हस्तशिल्प को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण के लिए कई परियोजनाओं की शुरुआत की थी। 88वें जन्मदिन पर उनके बेटे, राजा महा वजिरालोंगकोर्न और अन्य शाही सदस्य उन्हें अस्पताल में देखने पहुंचे थे। उनका जन्मदिन 12 अगस्त देशभर में मदर्स डे के रूप में मनाया जाता है। सिरिकिट कितियाकारा का जन्म 12 अगस्त 1932 को बैंकॉक के एक समृद्ध कुलीन परिवार में हुआ था। उनके माता-पिता दोनों का संबंध थाईलैंड के वर्तमान चक्री वंश के पूर्व राजाओं से था। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद वे अपने पिता के साथ फ्रांस चली गईं, जहां उनके पिता राजदूत थे। वहीं उन्होंने 16 साल की उम्र में राजा भूमिबोल से मुलाकात की। राजा के एक सड़क हादसे में घायल होने के बाद वे उनकी देखभाल के लिए स्विट्जरलैंड चली गईं। वहीं दोनों के बीच प्यार पनपा। 1950 में दोनों ने शादी कर ली थी। उन्होंने 1976 में SUPPORT फाउंडेशन की स्थापना की, जो गरीब परिवारों को पारंपरिक कला जैसे रेशम बुनाई, गहना निर्माण, पेंटिंग और मिट्टी के बर्तन बनाने की ट्रेनिंग देती थी। पर्यावरण के क्षेत्र में काम करने के कारण उन्हें ग्रीन क्वीन भी कहा गया। ट्रम्प के सीक्रेट दोस्त ने US आर्मी की सैलरी दी:₹1100 करोड़ डोनेशन दिया; शटडाउन की वजह से अमेरिकी सरकार के पास पैसे नहीं अमेरिका के रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने शुक्रवार को बताया कि उसने सैनिकों की सैलरी के लिए 130 मिलियन डॉलर (लगभग 1,100 करोड़ रुपए) का एक सीक्रेट डोनेशन स्वीकार किया है। यह डोनेशन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के एक अनजान 'दोस्त' ने दिया है, ताकि सरकारी शटडाउन के दौरान सैनिकों को तनख्वाह मिल सके। हालांकि इस डोनेशन से कई सवाल खड़े हो गए हैं। ट्रम्प ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में इस डोनेशन की बात बताई और दानदाता को देशभक्त कहा। उन्होंने दानदाता का नाम नहीं बताया, क्योंकि वह अपनी पहचान छुपाना चाहता है। अमेरिका में 1 अक्टूबर से शुरू हुए सरकारी शटडाउन को 25 दिन हो गए हैं। अमेरिका के दोनों प्रमुख दल डेमोक्रेट और रिपब्लिकन में ओबामा हेल्थ केयर सब्सिडी प्रोग्राम को लेकर ठनी हुई गई है। यहां पढ़ें पूरी खबर... वेनेजुएला पर हमला कर सकता है अमेरिका:सबसे बड़ा जहाजी बेड़ा भेजा; वेनेजुएला ने भी 5000 मिसाइलें तैनात कीं अमेरिका जल्द ही वेनेजुएला पर हमला कर सकता है। राष्ट्रपति ट्रम्प वेनेजुएला के भीतर ड्रग ठिकानों और उनके तस्करी रूट्स पर हमला करने पर विचार कर रहे हैं। हालांकि अभी इस पर आखिरी फैसला नहीं लिया गया। यह जानकारी अमेरिकी न्यूज चैनल CNN ने व्हाइट हाउस के 3 अधिकारियों के हवाले से दी है। रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई कर सकता है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, ट्रम्प ने हाल ही में वेनेजुएला में संभावित हमले के लिए जगहों को लेकर बातचीत बढ़ाई है। अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने अमेरिकी नौसेना के सबसे बड़े और एडवांस एयरक्राफ्ट कैरियर स्ट्राइक ग्रुप USS जेराल्ड आर फोर्ड को यूरोप से कैरिबियाई क्षेत्र में भेजने का आदेश दिया है। इसके अलावा, ट्रम्प ने CIA को वेनेजुएला में सीक्रेट ऑपरेशन्स करने की अनुमति भी दी है। यहां पढ़ें पूरी खबर... ------------------------------------ 24 अक्टूबर से जुड़े अपडेट्स यहां पढ़ें...
    Click here to Read more
    Prev Article
    पाकिस्तानी रक्षामंत्री की अफगानिस्तान को जंग की धमकी:कहा- अगर सीजफायर वार्ता नाकाम रही तो खुली जंग के अलावा कोई ऑप्शन नहीं
    Next Article
    ट्रम्प के सीक्रेट दोस्त ने US आर्मी की सैलरी दी:₹1100 करोड़ डोनेशन दिया; शटडाउन की वजह से अमेरिकी सरकार के पास पैसे नहीं

    Related International Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment